बोकारो चास, जोधाडीह, 8 अगस्त 2025 – झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा (JASM) के तत्वावधान में गुलमोहर पैलेस में दिशोम गुरु शिबू सोरेन की सामूहिक श्रद्धांजलि सभा एवं शहीद निर्मल महतो की पुण्यतिथि पर आंदोलनकारियों का अधिवेशन संपन्न हुआ। इस अवसर पर राज्यभर से हजारों आंदोलनकारी शामिल हुए और दोनों महान नेताओं को नमन करते हुए सामूहिक पुष्पांजलि अर्पित की।
सभा में उपस्थित आंदोलनकारियों ने संकल्प लिया कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन और शहीद निर्मल महतो के अधूरे सपनों और संघर्षों को मंजिल तक पहुंचाने के लिए बड़े पैमाने पर जनआंदोलन चलाया जाएगा। साथ ही, उन्होंने गजट नोटिफिकेशन के माध्यम से दिशोम गुरु शिबू सोरेन को आधिकारिक रूप से आंदोलनकारी घोषित करने की पुरजोर मांग की।
JASM के केंद्रीय महासचिव महमूद आलम ने अपने संबोधन में कहा कि झारखंड आंदोलनकारियों को उनके बलिदान के अनुरूप सम्मान, स्वतंत्रता और स्वायत्तता का अधिकार मिलना चाहिए। उन्होंने जंगल-जमीन की रक्षा, रोज़गार और नियोजन की गारंटी, झारखंड की भाषा, संस्कृति और अस्मिता की सुरक्षा, आंदोलनकारियों के मान-सम्मान एवं पेंशन व्यवस्था को कायम रखने और जेल जाने की बाध्यता को समाप्त करने की आवश्यकता पर बल दिया। महमूद आलम ने यह भी कहा कि आंदोलनकारियों की मांगों को सरकार के सामने मजबूती से रखा जाएगा और जब तक न्याय नहीं मिलता, संघर्ष जारी रहेगा।
सभा में यह भी कहा गया कि खनिज एवं कृषि-आधारित उद्योग स्थापित कर झारखंड के सर्वांगीण विकास का मार्ग प्रशस्त किया जा सकता है। इससे विस्थापन और पलायन की समस्या को समाप्त करने में मदद मिलेगी और आर्थिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक अधिकारों को सुनिश्चित किया जा सकेगा, ताकि झारखंड के लोग अपनी पहचान के साथ स्वायत्त जीवन जी सकें।
कार्यक्रम में विधायकों ने आंदोलनकारियों को पूर्ण सहयोग देने और विधानसभा में इस मुद्दे को उठाने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर झारखंड आंदोलनकारी एवं विधायक उमाकांत रजक, विधायक शत्रुघ्न महतो, झारखंड आंदोलनकारी एवं पूर्व सांसद भुवनेश्वर प्रसाद महतो, संस्थापक प्रधान सचिव पुष्कर महतो, अध्यक्ष विदेशी महतो, केंद्रीय महासचिव महमूद आलम, केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जितेंद्र सिंह कुशवाहा, उपाध्यक्ष डॉ. रामनाथ मेहता तथा केंद्रीय कोषाध्यक्ष श्रीमती सर्वोजिनी मुख्य रूप से उपस्थित थे।
0 Comments