भारतीय जनतंत्र मोर्चा द्वारा आयोजित राज्य में बढ़ते अपराध के खिलाफ एक दिवसीय धरना का आयोजन आज राजभवन, रांची के समीप पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष श्री धर्मेन्द्र तिवारी के नेतृत्व किया गया. धरना का विषय बढ़ता अपराध, जलता झारखंड था. भारी वर्षा के बावजूद धरना में पार्टी उपाध्यक्ष विरेन्द्र सिंह, महासचिव आशीष शीतल मुंडा, सचिव मनोज कुमार, अविनाश कुमार , अशोक ठाकुर समेत सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे.
धरने के बाद राजभवन में पार्टी के तरफ से निम्नलिखित मांग पत्र सौंपा गया:-
महामहिम राज्यपाल झारखण्ड को सौंपा
संदर्भ: ‘जलता झारखंड: बढ़ता अपराध’ से संबंधित ज्ञापन।
आदरणीय महामहिम जी,
आपके संज्ञान में यह आया ही होगा कि कैसे हाल ही में माकपा नेता सुभाष मुंडा को अपराधियों ने गोलियों से भून दिया। सुभाष मुंडा के पहले भी राँची समेत झारखंड में अनेक आपराधिक वारदात हो चुके हैं। ऐसा लगता है कि पुलिस का मनोबल पूरी तरह गिर गया है। यह प्रतीत होता है कि अब पुलिस का इकबाल बुलंद नहीं रहा।
बतौर एक राजनीतिक पार्टी, भारतीय जनतंत्र मोर्चा यह मानता है कि अगर राँची समेत समस्त झारखण्ड में पुलिस का इकबाल इसी प्रकार से कमजोर होता रहा तो आम आदमी सुरक्षित नहीं रह जाएगा।
माकपा नेता सुभाष मुंडा की अपराधियों द्वारा जिस तरीके से नृषंस हत्या की गई, उससे आम आदमी तक डर गया है। प्रतिदिन जब हम अखबार पढ़ते हैं तो ध्यान में आता है कि हत्या, बलात्कार, लूट-डकैती-छिनतई जैसे घटनाओं से अखबार भरा पड़ा रहता है। ऐसे में हमारी पार्टी को लगता है कि सरकार अपराधियों को नियंत्रित करने में पूर्णतः असफल साबित हुई है। सुभाष मुंडा की हत्या से एक बार फिर से यह साबित हो गया कि प्रदेष में अपराधियों की रंगबाजी चल रही है। वे जब, जिसे चाहें, जहाँ चाहें, उसकी हत्या कर सकते हैं। इस सरकार के साढ़े तीन साल के कार्यकाल में जिस तरीके से आपराधिक वारदात हुए, वह अपने आप में एक कीर्तिमान है।
महोदय, हमें लगता है कि अधिकांष मामलों में पुलिस खुद अपराधियों से मिली हुई पायी गई है। ऐसे में, जब पुलिस को उसकी जिम्मेदारी की याद दिलाई जाती है तो वह मजलूमों को पकड़ कर विभिन्न धाराओं में अंदर कर देती है। अपराधियों पर तो पुलिस का वष चलता नहीं और सुभाष मुंडा जैसे बेहद लोकप्रिय नेता को अपराधी गोलियों से छलनी कर देते हैं और पुलिस हाथ पर हाथ धरे रह जाती है।
महोदय, हाल के दिनों में हमने भी महसूस किया कि राज्य में ट्रांसफर-पोस्टिंग बिना पैसों के लेन-देन के नहीं होती। ईमानदार पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की राज्य में घोर कमी है। पूजा सिंहल, छवि रंजन जैसे कई नौकरशाह हैं जिनपर आकंठ भ्रष्टाचार में डूबे होने के आरोप हैं। 23 साल में झारखण्ड अगर पिछड़ा है तो उसमें बहुत बड़ा योगदान इन अपराधियों और भ्रष्ट नौकरशाहों-अफसरों का भी है। खनन घोटाला, मनरेगा घोटाला, टी-शर्ट एवं टॉफी घोटाला, शिक्षक नियुक्ति घोटाला, कोयला घोटाला जैसे भ्रष्ट कार्य झारखण्ड में लगातार होते रहे हैं।
उपरोक्त तथ्यों के आधार पर भारतीय जनतंत्र मोर्चा माँग करती है कि:-
1. सुभाष मुंडा हत्याकांड में राँची के एसएसपी पर कार्रवाई हो। आखिर वह किस बात के पुलिस कप्तान हैं।
2. सुभाष मुंडा हत्याकांड की जाँच सीबीआई से कराई जाए।
3. सरकार भाषणबाजी बंद करके अपराध पर अंकुश लगाने की दिशा में काम करे।
4. सरकार चाहे तो अपराध को नियंत्रित करने के लिए यूपी मॉडल का भी मानवीय तरीके से इस्तेमाल कर सकती है।
इन्हीं माँगों को लेकर भारतीय जनतंत्र मोर्चा आज दिन रविवार, दिनांक 30 जुलाई, 2023 को राजभवन के सामने पूर्वाह्न 11 बजे से लेकर अपराह्न 02 बजे तक धरना-प्रदर्शन किया
0 Comments